चक्रवात मुरासु को लेकर शाह ने CM Naidu से की बात
- केंद्र ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्यों में जुटीं
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में चक्रवात मुरासु के प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बातचीत कर तूफान से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मुश्किल घड़ी में आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ खड़ी है और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायडू से चक्रवात के प्रभाव और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें पहले से ही प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं और राहत कार्यों में जुटी हैं। केंद्र सरकार स्थिति से निपटने के लिए राज्य प्रशासन को पूरा सहयोग देगी।
ओंगोल के पास तट से टकराया चक्रवात
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मंगलवार सुबह आठ बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु ने दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को नेल्लोर और नरसपुर के बीच ओंगोल के पास पार किया। इस दौरान तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। आईएमडी के अनुसार, मंगलवार सुबह 5:30 बजे तूफान ओंगोल के पास स्थित था। उस समय यह बापटला से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम, कावली से 80 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम से 120 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम और नेल्लोर से लगभग 130 किलोमीटर उत्तर में था। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि चक्रवात उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर होगा।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!