कृष्ण पर टिप्पणी के लिए धीरेंद्र शास्त्री मांफी मांगे: Tejasvi
पटना। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए एक बयान पर राजनीतिक गलियारों में घमासान मच गया है। इस टिप्पणी से नाराज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्हें सत्ता-पोषित मानसिक विक्षिप्त करार दिया है। तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि लोक एकता की ताकत से इंद्रासन को हिला देने वाले और धार्मिक सीमाओं से परे जन-जन के पूज्य कुलदेवता भगवान श्री कृष्ण पर इस तरह की टिप्पणी बेहद अशोभनीय, अक्षम्य और अमर्यादित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए नफरत फैलाने वाले ये लोग पहले इंसानों को बांटते थे और अब भगवान को भी आपस में बांटने लगे हैं।
राजद नेता ने तीखे शब्दों में मांग की है कि राजनीतिक लोभ में सनातन एकता को खंडित करने वाले इस कृत्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमाम भाजपा नेताओं को सामने आकर देश, समाज और सनातनियों से दंडवत होकर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भगवान राम और कृष्ण एक-दूसरे के पूरक हैं और इस प्रकार की तुलना करना पूरी तरह अनुचित है। विवाद की यह पूरी जड़ पंडित धीरेंद्र शास्त्री का वह बयान है, जो उन्होंने मध्य प्रदेश में एक श्रीराम कथा के दौरान दिया था। कथा के दौरान उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वरूप तथा जीवनशैली की तुलना करते हुए टिप्पणी की थी कि राम और उनके धाम की हर बात सीधी होती है, जबकि कृष्ण के बैठने, खड़े होने और उनके धाम वृंदावन के स्वरूप में अलग शैली का जिक्र किया था। इसी तुलनात्मक बयान के बाद से विभिन्न राजनीतिक दलों और धार्मिक पक्षों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस बयान के बाद सियासी हलकों में बहस छिड़ गई है और नेताओं के बीच तीखे बयानों का दौर लगातार जारी है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!