सिनेमाघरों के बाद OTT पर दस्तक देगी Ramayana
मुंबई। नितेश तिवारी निर्देशित ऐतिहासिक फिल्म रामायण का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रणबीर कपूर अभिनीत इस भव्य फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि सिनेमाघरों में ग्रैंड रिलीज के बाद फिल्म रामायण दर्शकों के लिविंग रूम तक पहुंचेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राइम फोकस स्टूडियोज और जियोहॉटस्टार के बीच एक बड़ी साझेदारी हुई है, जिसके तहत रामायण थिएटर के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जाएगी। हालांकि, दर्शकों को यह फिल्म सामान्य सब्सक्रिप्शन प्लान में नहीं मिलेगी, बल्कि इसे देखने के लिए पे-पर-व्यू ऑप्शन के जरिए अलग से पैसे देकर एक्सेस खरीदना पड़ेगा। यानी, दर्शक घर बैठे ही ऑन-डिमांड पैसे चुकाकर इस महाकाव्य का आनंद ले पाएंगे।
फिल्म रामायण 5 नवंबर 2026 को दिवाली के खास मौके पर दुनिया भर में रिलीज की जाएगी। इसे बहुत बड़े लेवल पर आईमैक्स 3डी में पेश किया जाएगा। यह दो पार्ट्स में बनने वाली लाइव एक्शन फिल्म सीरीज है, जिसकी कहानी श्रीधर राघवन ने वाल्मीकि रामायण से ली है। इस प्रोजेक्ट को प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार ऑस्कर जीत चुकी वीएफएक्स कंपनी डीएनईजी और एक्टर यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर लीड रोल में नजर आएंगे। जियोस्टार की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने इस पार्टनरशिप पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि रामायण हमारी संस्कृति का सबसे बड़ा खजाना है और इसने सदियों से हमारी पीढ़ी को गाइड किया है। जियोहॉटस्टार का विजन टेक्नोलॉजी के जरिए भारत की सबसे बेहतरीन कहानियों को हर घर तक पहुंचाना है।
उन्होंने आगे कहा कि इस ग्रैंड विजन वाली फिल्म को देश के हर परिवार और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारे लिए गर्व की बात है। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने डिजिटल रिलीज का कारण बताते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि लोग इस फिल्म को आईमैक्स 3डी के सबसे बड़े पर्दे पर देखें, लेकिन हमारे देश में हर जगह बड़े सिनेमाघर मौजूद नहीं हैं। मल्होत्रा ने कहा कि रामायण हर भारतीय की फिल्म है और इसकी पहुंच हर घर तक होनी चाहिए। उन्होंने जियोहॉटस्टार को थिएटर के बाद लोगों के लिविंग रूम तक पहुंचाने के लिए एकदम परफेक्ट पार्टनर बताया, क्योंकि जियोहॉटस्टार ने पहले भी स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट के जरिए पूरे देश को जोड़ा है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!