Dark Mode
  • Saturday, 24 October 2026
'Jailer 2'  की बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई, हो रहा विवाद भी

'Jailer 2' की बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई, हो रहा विवाद भी

मुंबई। बॉलीवुड की फिल्म जेलर 2 बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है। सुपरस्टार रजनीकांत की इस फिल्म ने महज 5-6 दिनों में वर्ल्डवाइड 541 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। हालांकि, मोहनलाल के कैमियो को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया है, जिस पर उनके बॉडी डबल जॉबी कोडाकारा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और पूरे मामले पर स्पष्टीकरण दिया है।यह विवाद तब शुरू हुआ जब जेलर 2 की रिलीज के दिन जॉबी कोडाकारा ने मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के साथ कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद अटकलें लगने लगीं कि फिल्म के कुछ दृश्यों में मोहनलाल की जगह उनके बॉडी डबल का इस्तेमाल किया गया है।

कुछ दर्शकों ने तो यह दावा भी कर दिया कि जॉबी ने मोहनलाल के कई दृश्यों, यहां तक कि फिल्म के क्लाइमेक्स के महत्वपूर्ण दृश्यों को भी अंजाम दिया है, जिससे सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। इस विवाद के तूल पकड़ने पर, जॉबी कोडाकारा ने यूट्यूब चैनल जंगो स्पेस को दिए एक विस्तृत इंटरव्यू में अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेलर 2 में उनका रोल केवल सीमित था और फिल्म में उनके केवल एक या दो शॉट्स का ही इस्तेमाल किया गया है। जॉबी ने बताया, सच कहूं तो सिर्फ मेरे हाथ और पैर ही फिल्म में दिख रहे हैं। उन्होंने आगे खुलासा किया कि उनके ये शॉट्स क्लाइमेक्स के दौरान एयरपोर्ट के एक सीन में देखने को मिलते हैं, जहाँ वे गाड़ी चलाते हुए गियर बदल रहे हैं और एक्सीलरेटर दबा रहे हैं।


जॉबी ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि शूटिंग शेड्यूल या समय की कमी के कारण उन्हें इस छोटे से काम के लिए लिया गया होगा, न कि किसी बड़े दृश्य के लिए। उन्होंने मोहनलाल को दुनिया के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक बताते हुए उन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया कि उन्होंने क्लाइमेक्स के बड़े दृश्यों में अभिनय किया या फिल्म में उनका चेहरा दिखाया गया। जॉबी की इस सफाई से मोहनलाल के कैमियो को लेकर फैला भ्रम काफी हद तक दूर हो गया है और यह स्पष्ट हो गया है कि फिल्म में मोहनलाल की उपस्थिति उनकी असली पहचान के साथ ही थी। मालूम हो कि फिल्म में रजनीकांत के अलावा मिथुन चक्रवर्ती और विद्या बालन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं, वहीं ऋतिक रोशन और मोहनलाल जैसे दिग्गजों के कैमियो ने दर्शकों को खूब लुभाया है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!