Dark Mode
खुद की हिंदी में गाने की क्षमता पर भरोसा नहीं था  Iulia Vantur  को

खुद की हिंदी में गाने की क्षमता पर भरोसा नहीं था Iulia Vantur को

मुंबई। हाल ही में रोमानिया की मॉडल, सिंगर और एक्ट्रेस यूलिया वंतूर ने खुलासा किया कि एक समय ऐसा भी था जब उन्हें खुद अपनी आवाज और हिंदी में गाने की क्षमता पर भरोसा नहीं था। उस मुश्किल दौर में, सलमान खान ने उनकी प्रतिभा पर विश्वास जताया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए लगातार हौसला दिया। यूलिया ने कई मौकों पर स्वीकार किया है कि सलमान के भरोसे ने ही उन्हें अपने टैलेंट को पहचानने और उसे निखारने में मदद की। यूलिया वंतूर का जन्म 24 जुलाई 1980 को रोमानिया में हुआ था। बचपन से ही उनका रुझान ग्लैमर और मीडिया की दुनिया की तरफ था। उन्होंने बेहद कम उम्र, मात्र 15 साल में मॉडलिंग शुरू कर दी थी और धीरे-धीरे रोमानिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई। मॉडलिंग के बाद यूलिया ने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और रोमानिया की जानी-मानी टीवी एंकर बन गईं। उन्होंने कई लोकप्रिय लाइव शो होस्ट किए और न्यूज एंकर के तौर पर भी काम किया, जिसके लिए उन्हें कई सम्मान और पुरस्कार भी मिले।


यूलिया ने अपनी शुरुआत को याद करते हुए बताया कि जब वह सिर्फ 19 साल की थीं, तब पहली बार न्यूज रूम पहुंची थीं और एंकर की नौकरी के लिए आवेदन किया था। शुरुआत में उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका चयन होगा, लेकिन उनकी प्रतिभा को देखकर उन्हें नौकरी मिल गई और यहीं से उनका टीवी में सफर शुरू हुआ। भारत आने के बाद यूलिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती नई भाषा और नई इंडस्ट्री के माहौल को समझना था। शुरुआत में लोग उन्हें अक्सर सलमान खान से जुड़ी शख्सियत के तौर पर ही ज्यादा जानते थे। यूलिया और सलमान खान की मुलाकात साल 2010 में आयरलैंड के डबलिन शहर में हुई थी, जहां सलमान अपनी फिल्म बॉडीगार्ड की शूटिंग कर रहे थे। इसके बाद दोनों की दोस्ती की चर्चा होने लगी।


यूलिया ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सिंगिंग की दुनिया में कदम रखना उनके लिए आसान नहीं था, खासकर हिंदी में गाने को लेकर उन्हें खुद पर बिल्कुल विश्वास नहीं था। लेकिन, सलमान खान ने उनकी आवाज और कड़ी मेहनत पर पूरा भरोसा किया।सलमान ने यूलिया को गाने के लिए लगातार प्रेरित किया और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। इसके बाद यूलिया ने उनकी फिल्म राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई के लोकप्रिय गाने सीटीमार में अपनी आवाज दी। इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में भी काम किया और एक सिंगर के तौर पर अपनी पहचान बनाई। यूलिया ने अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा, और शॉर्ट फिल्म इकोज ऑफ अस में अपनी अदाकारी का प्रदर्शन किया। बता दे कि यूलिया वंतूर भारतीय मनोरंजन जगत में एक जाना-पहचाना नाम बन गई हैं। हालांकि, भारत में उनकी पहचान अक्सर सुपरस्टार सलमान खान के साथ उनके संबंधों से जुड़ी रही है, लेकिन यूलिया की अपनी एक विशिष्ट यात्रा है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!