Dark Mode
  • Tuesday, 08 September 2026
Yemen में फिर भड़की हिंसा, जेल पर हवाई हमले में 7 की मौत

Yemen में फिर भड़की हिंसा, जेल पर हवाई हमले में 7 की मौत

सना। यमन एक बार फिर हिंसा और सैन्य कार्रवाई के दौर में पहुंचता नजर आ रहा है। हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर एक जेल को निशाना बनाकर हवाई हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। हूती पक्ष के मुताबिक, इस हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। हमले के बाद जेल का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों का दावा है कि करीब 35 कैदी और अपने पति से मिलने जेल पहुंची एक महिला मलबे में फंसी हो सकती है। हमले के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। बचावकर्मी मलबा हटाकर उसके नीचे दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। हूती पक्ष ने क्षतिग्रस्त जेल का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें इमारत को हुए भारी नुकसान का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि, सऊदी अरब की ओर से आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में हमले की जिम्मेदारी और नुकसान से जुड़ी जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

यमन में बढ़ती हिंसा पर संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत हंस ग्रंडबर्ग ने भी गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने विभिन्न मोर्चों पर जारी हमलों को बेहद चिंताजनक बताते हुए चेतावनी दी कि संघर्ष के दोबारा बड़े पैमाने पर भड़कने से आम नागरिकों पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने नागरिकों के मारे जाने, परिवारों के विस्थापन और नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। साथ ही सभी पक्षों से तत्काल हिंसा रोकने और राजनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। इसी बीच सरकारी बलों ने उत्तरी अल-जौफ प्रांत में बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है। वे अल-हज्म के पूर्व में स्थित हूती नियंत्रण वाले अल-लबानात सैन्य अड्डे की ओर बढ़ रहे हैं। बताया गया है कि बख्तरबंद वाहनों के साथ सरकारी बल ठिकाने को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। जमीनी कार्रवाई से पहले 48 घंटों में यहां कई हवाई हमले किए गए, जिनमें कमांड और कंट्रोल सेंटर तथा हथियारों के भंडार को नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है। दूसरी ओर, हूती लड़ाके पश्चिमी ताइज प्रांत को मोचा बंदरगाह से जोड़ने वाली अहम सड़कों को काटने और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। हालिया संघर्ष में दोनों पक्षों के 300 से अधिक लोगों के मारे जाने की बात सामने आई है, जिससे यमन में मानवीय संकट और गहराने की आशंका बढ़ गई है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!