Dark Mode
  • Thursday, 10 September 2026
पेसा मोबिलाइज़र्स के प्रति हमारी सद्भावना, समाधान जरूर निकालेंगे: CM Dr. Yadav

पेसा मोबिलाइज़र्स के प्रति हमारी सद्भावना, समाधान जरूर निकालेंगे: CM Dr. Yadav

भोपाल/मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के सभी पेसा मोबिलाइज़र्स के प्रति सरकार संवेदनशील है। इनके प्रति सरकार सद्भावनापूर्वक प्रयास कर रही है। पेसा मोबिलाइज़र्स के रोजगार और इनकी मदद के लिए हम विचार कर रहे हैं। शीघ्र ही कोई न कोई समाधान जरूर निकलकर सामने आएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में मंडला-डिण्डौरी और अन्य जिलों से आईं पेसा मोबिलाइज़र्स बहनों को संबोधित कर रहे थे। इन बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी बांध कर अपना स्नेह और अपनत्व व्यक्त किया। बहनों ने मुख्यमंत्री को रूमाल ओढ़ाया, फूल-श्रीफल दिया, राखी बांधी, मिठाई खिलाई और बड़े अपनत्व से कहा कि वे सब अपने बड़े भाई से मिलने ही मुख्यमंत्री निवास आई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राखी बंधवाकर राखी के नेग स्वरूप सभी बहनों को अपनी ओर से स्नेह राशि दी। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का मुख्यमंत्री निवास में अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बहनों से पूछा - लाड़ली बहना योजना की राशि मिलती है ? बहनों ने कहा - हां। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। सबकी आर्थिक सुरक्षा के लिए हम कटिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से पेसा मोबिलाज़र्स रहीं इन बहनों ने उन्हें फिर से इसी पद पर नियुक्ति देने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा कानून के तहत चलाई गई यह केंद्र सरकार की योजना थी। जिसे केंद्र सरकार ने ही बंद किया है। परंतु प्रदेश के सभी पेसा मोबिलाइज़र्स के प्रति संवेदना और सद्भावना रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय को पत्र प्रेषित कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन बहनों को आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और वित्त विभाग मिलकर पेसा मोबिलाइज़र्स की बेहतरी के लिए संवेदनशीलतापूर्वक विचार कर समस्या निवारण का काम कर रहे हैं। शीघ्र ही कोई न कोई सकारात्मक समाधान निकलकर सामने आएगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संचालक जनसम्पर्क अरविंद दुबे, अन्य अधिकारी, भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, पेसा मोबिलाइज़र्स संघ के अध्यक्ष उपेंद्र कुमार कोड़ापे एवं पेसा मोबिलाइज़र्स बहनें उपस्थित थीं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!