Dark Mode
  • Friday, 02 October 2026
अच्छे संबंधों के बाद भी सवाल पूछने का सामर्थ्य रखते हैं मोदी: Putin

अच्छे संबंधों के बाद भी सवाल पूछने का सामर्थ्य रखते हैं मोदी: Putin

मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। पुतिन ने पीएम मोदी को एक ऐसा नेता बताया है जो अच्छे संबंधों के बावजूद सवाल पूछने का सामर्थ्य रखता है और यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बेहद व्यावहारिक विचार रखते हैं। रूस के सोची में प्रतिष्ठित वल्दाई फोरम को संबोधित करते हुए पुतिन ने पीएम मोदी के शांति प्रयासों की खुलकर सराहना की। वल्दाई फोरम में पुतिन ने भारत की सांस्कृतिक विविधता की भी तारीफ की। पुतिन ने कहा, भारत की विविधता मुझे हमेशा आश्चर्यचकित करती है। जिस तरह से अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के लोग एक साथ रहते हैं, वह अविश्वसनीय है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति में कुछ ऐसा अनोखा है जो दुनिया के अन्य देशों के लिए एक मिसाल बन सकता है। भारत के अनुभव को देखकर अन्य देश भी सीख ले सकते हैं।


पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर बैठक में सवाल पूछते हैं और शांति तथा बातचीत का मुद्दा बेहद प्रतिबद्धता के साथ उठाते हैं। उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों और भारत के कूटनीतिक रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन वैश्विक नेताओं में से एक हैं, जो हमारे बहुत अच्छे व्यक्तिगत संबंधों के बावजूद, हर मुलाकात में यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने का सवाल लगातार पूछते हैं। पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि पीएम मोदी के पास बेहतरीन विचार हैं जिससे एक ऐसा समाधान खोजा जा सके जो रूस और यूक्रेन दोनों को स्वीकार हो। उन्होंने कहा, हम इस संघर्ष को शांतिपूर्ण तरीकों से और जल्द से जल्द समाप्त करने की उनकी इच्छा और कोशिशों के लिए उनके बेहद आभारी हैं। गौरतलब है कि भारत ने यूक्रेन युद्ध की शुरुआत से ही कूटनीति और वार्ता के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है। प्रधानमंत्री मोदी अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर यह स्पष्ट कर चुके हैं कि यह युद्ध का युग नहीं है। भारत ने एक तरफ जहां यूक्रेन के साथ वार्ता जारी रख शांति प्रयासों में अहम योगदान दिया है, वहीं दूसरी तरफ रूस को भी बातचीत की मेज पर विवाद सुलझाने की अपील की है। कई देश भारत के इस निष्पक्ष रुख की सराहना कर चुके हैं। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू हुए 4 साल से ज्यादा समय बीत गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में लाखों रूसी और यूक्रेनी सैनिकों की मौत हो चुकी है, वहीं हजारों आम नागरिक भी मारे गए हैं।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!