Mandhana महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी खिलाड़ी बनी, सूजी बेट्स तीसरे नंबर पर खिसकी
दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एशिया कप के पहले ही मैच में एक बड़ा रिकार्ड अपने नाम किया है। मंधाना पहले मैच में थाईलैंड के खिलाफ 19 रन ही बना पायीं पर इसी दौरान वह अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गयीं। मंधाना ने इसी के साथ ही न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया। उन्हें यहां तक पहुंचने के लिए केवल 4 रनों की जरुरत थी। अब उनके नाम अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 10,756 रन दर्ज हो गए हैं।इस रिकार्ड के साथ ही मंधाना अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स 10,740 रनों के साथ दूसरे स्थान पर थीं। दिलचस्प बात यह है कि इस सूची के शीर्ष दो स्थान अब भारतीय खिलाड़ियों के नाम हैं। सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के नाम है, जिन्होंने अपने करियर में 10,868 रन बनाए थे। स्मृति मंधाना को मिताली का रिकॉर्ड तोड़ने और नंबर एक पर पहुंचने के लिए अब केवल 113 रनों की और जरुरत है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाली शीर्ष पाँच बल्लेबाज इस प्रकार हैं: 10,868 रन के साथ मिताली राज (भारत), 10,756 रन के साथ स्मृति मंधाना (भारत), 10,740 रन के साथ सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड), 10,273 रन के साथ शार्लेट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) और 10,007 रन के साथ स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज)।मंधाना ने अब तक अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 301 मैच खेले हैं और कुल 10,756 रन बनाए हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में भी वह संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। उनके नाम 17 शतक दर्ज हैं, जो ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग और दक्षिण अफ्रीका की लौरा वुल्वार्ट के बराबर हैं। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने 9 टेस्ट मैचों में 788 रन, 120 वनडे मैचों में 5411 रन और 172 टी20 मैचों में 4557 रन बनाए हैं। उनके नाम 75 अर्धशतक भी दर्ज हैं, जो उनकी निरंतरता और हर प्रारूप में प्रदर्शन करने की क्षमता को दर्शाता है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!