Dark Mode
  • Sunday, 04 October 2026
भारत का Warship INS Trishul स्पेन पहुंचा, दोनों देशों की नौसेना अनुभव करेंगी साझा

भारत का Warship INS Trishul स्पेन पहुंचा, दोनों देशों की नौसेना अनुभव करेंगी साझा

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना का शक्तिशाली युद्धपोत आईएनएस त्रिशूल स्पेन के वालेंसिया पहुंच गया है। वालेंसिया बंदरगाह पहुंचा यह युद्धपोत भूमध्य सागर, अटलांटिक और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में भारतीय नौसेना की जारी तैनाती का हिस्सा है। इस दौरान भारतीय और स्पेन की नौसेना के जवान एक-दूसरे के साथ अनुभव साझा करेंगे। दोनों नौसेनाओं के बीच वालेंसिया में कई ऑपरेशनल गतिविधियां चलेंगी। इसके अलावा खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इन गतिविधियों से दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी समझ और सहयोग को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। समुद्री अभियानों से जुड़े अनुभव साझा करने से दोनों नौसेनाओं को एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को करीब से समझने में भी मदद मिलेगी। बता दें आईएनएस त्रिशूल की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारतीय नौसेना मित्र देशों के साथ अपने समुद्री संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है। इस तैनाती के दौरान आईएनएस त्रिशूल ने फ्रांस के टूलॉन में वरुण अभ्यास के 24वें संस्करण में भी हिस्सा लिया था।


रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि भारतीय नौसेना का यह अभियान केवल समुद्र में मौजूदगी दर्ज कराने तक सीमित नहीं है। ऐसे दौरे विदेशी नौसेनाओं को करीब लाते हैं, अनुभव साझा करने का मौका देते हैं, और सुरक्षित समुद्री वातावरण बनाने में सहयोग को मजबूत करते हैं। यह मजबूती भारत और फ्रांस की नौसेनाओं के बीच हुए द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘वरुण’ में भी देखने को मिली। यह अभ्यास दोनों देशों की मजबूत समुद्री साझेदारी का प्रतीक बना है। आईएनएस त्रिशूल ने फ्रांस के टूलॉन बंदरगाह में अभ्यास ‘वरुण’ के 24वें संस्करण में हिस्सा लिया। अभ्यास में एनएच90 हेलीकॉप्टरों और अटलांटिक-2 समुद्री गश्ती विमानों ने भी हिस्सा लिया। दोनों नौसेनाओं ने पनडुब्बी रोधी युद्ध, सतह पर मौजूद लक्ष्यों के खिलाफ अभियान और वास्तविक फायरिंग अभ्यास किए। इन अभ्यासों से समुद्र में दोनों नौसेनाओं के बीच संचालन क्षमता, तालमेल और आपसी समझ को और बेहतर करने का अवसर मिला।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!