Hockey World Cup में भारतीय टीम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार, 15 अगस्त को पहले मुकाबले में वेल्स से होगा सामना
नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम 15 अगस्त से बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप 2026 में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार है। भारत को विश्व कप में पूल डी में रखा गया है और उसका पहला मुकाबला 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ होगा। इसके बाद 17 अगस्त को उसे इंग्लैंड और 19 अगस्त को परंपरागत-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से खेलना है। भारतीय टीम इस बार 51 साल बाद हॉकी विश्व कप का खिताब अपने जीतने के प्रयास करेगी। इससे पहले उसने साल 1975 में ये खिताब अजीत सिंह की कप्तानी में जीता था। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए भारतीय हॉकी फेडरेशन ने कई युवा और उभरते हुए खिलाड़ियों को शामिल किया है। टीम में शामिल गोलकीपर मोहित एचएस, डिफेंडर यशदीप सिवाच और मिडफील्डर राजिंदर सिंह व आदित्य अर्जुन लालगे जैसे खिलाड़ियों से टीम को बड़ी उम्मीदें हैं। इन्होंने अपने हाल के प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है और अब विश्व मंच पर अपनी छाप छोड़ने को तैयार हैं।
टीम में शामिल होने वाले 23 वर्षीय मिडफील्डर आदित्य अर्जुन लालगे विश्वकप में लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनका ध्यान देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर है। आदित्य ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों और कोचों के निरंतर मार्गदर्शन से उनका मनोबल बढ़त है। उनकी पूरी टीम एक ही लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत कर रही है। वहीं मध्यपंक्ति के साथी खिलाड़ी राजिंदर सिंह ने टीम की एकजुटता को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। उनके अनुसार, खिलाड़ी मैदान के अंदर और बाहर एक-दूसरे का पूरा साथ देते हैं और किसी भी गलती पर तत्काल सहायता के लिए तैयार रहते हैं। दूसरी ओर डिफेंडर यशदीप सिवाच ने बताया कि विश्व कप की तैयारियां बेहद गहन और कड़ी रही हैं। फिटनेस, तकनीकी कौशल और रणनीतिक बारीकियों के हर पहलू पर बारीकी से काम किया गया है। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत सिंह, जरमनप्रीत सिंह और अमित रोहिदास जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से मिले मार्गदर्शन को अपने खेल के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण माना। इन दिग्गजों का अनुभव युवा खिलाड़ियों को दबाव में भी शांत रहने और बेहतरीन प्रदर्शन करने में मदद कर रहा है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!