Dark Mode
Hormuz बंद होने से ईंधन आपूर्ति का बढ़ सकता है संकट

Hormuz बंद होने से ईंधन आपूर्ति का बढ़ सकता है संकट

तेहरान। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ता तनाव एक बार फिर अमेरिका और ईरान के रिश्तों को गंभीर मोड़ पर ले आया है। दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माने जाने वाले इस समुद्री मार्ग के आसपास सैन्य गतिविधियां तेज होने से पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता की आशंका बढ़ गई है। अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन सैन्य कार्रवाई की, जबकि ईरान ने खाड़ी देशों को कड़ी चेतावनी देते हुए संकेत दिया है कि यदि उनकी जमीन का इस्तेमाल उसके खिलाफ किया गया तो उन्हें भी जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। मौजूदा घटनाक्रम का सबसे बड़ा केंद्र होर्मुज जलडमरूमध्य है, जिसे दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में गिना जाता है। वैश्विक स्तर पर समुद्री रास्ते से होने वाले लगभग 20 प्रतिशत तेल निर्यात का आवागमन इसी मार्ग से होता है। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

अमेरिका का कहना है कि उसकी कार्रवाई का उद्देश्य उन सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल व्यापारिक जहाजों और नागरिक नाविकों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर रविवार शाम से अभियान शुरू किया गया, जो तीन घंटे से अधिक समय तक चला। ईरानी मीडिया के अनुसार सैन्य कार्रवाई का असर केवल होर्मुज क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा। दक्षिण-पश्चिमी खुजेस्तान प्रांत में भी कई स्थानों पर सैन्य गतिविधियां देखने को मिलीं। पेट्रोलियम उद्योग के लिए प्रसिद्ध अहवाज शहर के आसपास दो स्थानों को निशाना बनाया गया, जबकि बाद में अंदीमेश्क क्षेत्र में भी एक अन्य घटना की सूचना सामने आई।


तेल बाजार पर बढ़ सकती है अनिश्चितता
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव लगातार बढ़ता है तो इसका सीधा असर वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर पड़ सकता है। दुनिया के कई प्रमुख तेल उत्पादक देशों का निर्यात इसी समुद्री मार्ग से होता है, इसलिए यहां किसी भी तरह की अस्थिरता का असर ऊर्जा कीमतों और वैश्विक व्यापार पर देखने को मिल सकता है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी इस क्षेत्र के घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!